अभाविप ने हेमंत सोरेन का फूंका पुतला

मऊ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मऊ जिले द्वारा नगर के आजमगढ़ मोड़ पर झारखंड सरकार के विरुद्ध पेपर लीक को लेकर विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने JPSC-JSSC परीक्षाओं में व्याप्त अनियमितताओं की CBI से निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की। 

इस दौरान अभाविप गोरक्ष प्रांत मंत्री शशिकांत मंगलम ने कहा कि JPSC-JSSC परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं एवं पेपर लीक के मामलों की CBI से निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने संदिग्ध परीक्षाओं को रद्द करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। विद्यार्थियों पर लगातार हुए लाठीचार्ज, गिरफ्तारियों एवं दमनात्मक कार्रवाई की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

जिला संयोजक अविनाश गुप्ता ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता विद्यार्थियों का अधिकार है। पेपर लीक जैसी घटनाओं से मेहनत करने वाले लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार को विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से करना चाहिए, न कि आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों पर बल प्रयोग और दमनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने मांग की कि JPSC-JSSC परीक्षाओं से संबंधित सभी अनियमितताओं की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, प्रभावित विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि परीक्षा व्यवस्था में उनका विश्वास बना रहे।

अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों एवं परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता के लिए परिषद लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को शीघ्र पूरा किए जाने की मांग की।

इस अवसर पर विभाग संयोजक अनन्या शर्मा, जिला संगठन मंत्री ज्ञान प्रकाश सिंह, जिला छात्रा संयोजक प्रज्ञा मिश्रा,नगर मंत्री आयुष,अमन,अंशु,आकाश ,प्रांत कार्यकारिणी सदस्य प्रियांशु वर्मा आदित्य ,अमित, सूर्या,गणेश,सहित बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Uploaded Image Uploaded Image