नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज स्वर्गीय कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि के अवसर पर मऊ में 5 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा पार्क का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने स्वर्गीय कल्पनाथ राय की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मंत्री शर्मा ने घोषणा की कि इस सौर ऊर्जा पार्क का नामकरण स्वर्गीय कल्पनाथ राय के नाम पर किया जाएगा।
मंत्री ए.के. शर्मा के प्रयासों से मैसर्स नेक्सजन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली द्वारा लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से 5 मेगावाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट की स्थापना की जा रही है। इस परियोजना के पूर्ण होने से मऊ में स्वच्छ एवं सस्ती विद्युत की उपलब्धता बढ़ेगी तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। सौर पार्क से लगभग 5 हजार घरों को बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर लगभग 50 हजार नागरिकों को संबोधित करते हुए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने स्वर्गीय कल्पनाथ राय को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने मऊ के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए और जनपद के विकास का एक स्पष्ट विजन उनके पास था। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कल्पनाथ राय ने जिस मऊ की विकास की परिकल्पना की थी, उसे आगे बढ़ाने का कार्य वर्तमान सरकार कर रही है।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मऊ में भी सड़क, बिजली, परिवहन, रेलवे, सौर ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और मऊ के उज्ज्वल भविष्य के लिए विकास की दिशा में आगे बढ़ें।
अपने संबोधन में मंत्री शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय कल्पनाथ राय के पुत्र श्री सिद्धार्थ राय यदि कहीं से चुनाव लड़ते हैं तो वे उनके कार्यकर्ता के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कहा कि वे यहां किसी का रास्ता रोकने नहीं आए हैं। उनके राजनीतिक भविष्य का फैसला या तो महादेव करेंगे या तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। उन्होंने कहा कि वे अपनी पूरी क्षमता के साथ आम आदमी के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
