बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमाशंकर सिंह का बुधवार को दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी का इलाज करा रहे थे। उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से रसड़ा सहित पूरे बलिया जनपद में शोक की लहर दौड़ गई।
उमाशंकर सिंह अपने जमीनी जुड़ाव, जनसेवा और क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए जाने जाते थे। वे लगातार तीन बार रसड़ा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके थे और उत्तर प्रदेश विधानसभा में बसपा के इकलौते विधायक थे।
उनके निधन की सूचना मिलते ही राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया। समर्थकों और शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र की राजनीति और जनसेवा के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी पुण्य आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार और समर्थकों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
