मऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बरनवाल युवा मंच, मऊ द्वारा नगर के एक निजी विद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत आम, जामुन, लीची, अमरूद सहित हरिशंकरी के कुल 21 पौधे रोपित किए गए। इस पहल के माध्यम से संगठन ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं पर्यावरणविद शैलेन्द्र ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल पेड़-पौधे लगाना ही पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य नहीं है, बल्कि सतत विकास (Sustainable Development), विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना तथा अपनी दैनिक जीवनशैली में पर्यावरण-अनुकूल बदलाव अपनाना भी उतना ही आवश्यक है।
बरनवाल युवा मंच के अध्यक्ष सौरभ बरनवाल ने "अपनी भूमि, अपना हाथ और अपना भविष्य" का नारा देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अभी भी समय है। यदि हम समय रहते प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को नहीं समझेंगे, तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संकट और अंधकार में पड़ सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संगठन के कोषाध्यक्ष पंकज बरनवाल, विद्यालय प्रमुख अनुराग बरनवाल, वरिष्ठ सदस्य अंकित बरनवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष परमानंद बरनवाल, अजय बरनवाल सहित विद्यालय प्रशासन एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से बरनवाल युवा मंच ने समाज को पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
