जिलाधिकारी ने सर्राफा व्यापारियों एवं व्यापारिक संगठनों के साथ की बैठक पेट्रोल/डीजल का पर्याप्त स्टॉक,अनावश्यक पेट्रोल/डीजल की खरीददारी ना करें :-जिलाधिकारी।

जनपद में सोना खरीद-बिक्री, आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं वर्तमान परिस्थितियों के दृष्टिगत प्रधानमंत्री द्वारा की गई अपील के क्रम में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में सर्राफा एसोसिएशन, पेट्रोल पंप संचालकों एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में व्यापारियों ने प्रधानमंत्री की अपील का सम्मान करते हुए राष्ट्रहित में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान व्यापारी प्रतिनिधि मनीष सर्राफ ने कहा कि सर्राफा व्यापारी प्रधानमंत्री की अपील का पालन करेंगे तथा सोने का अनावश्यक भंडारण नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्वर्ण व्यवसाय से जुड़े कारीगरों की आर्थिक स्थिति, व्यापार में आई गिरावट तथा विभिन्न व्यापारिक समस्याओं का उल्लेख करते हुए साहूकारी लाइसेंस पुनः जारी करने एवं अन्य मांगों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में व्यापार पूर्व वर्षों की तुलना में काफी प्रभावित हुआ है तथा छोटे व्यापारियों एवं कारीगरों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
व्यापारी संजय वर्मा ने कहा कि अपील के बाद स्वर्ण व्यवसाय से जुड़े कारीगरों की स्थिति और प्रभावित हुई है तथा बड़ी मात्रा में खरीद-बिक्री को लेकर सावधानी बरतने की आवश्यकता है। रमेश वर्मा एवं उमाशंकर वर्मा ने भी स्वर्ण व्यवसाय एवं उससे जुड़े कारीगरों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनकी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा व्यक्त की। भरत लाल राही ने कहा कि व्यापारी वर्ग राष्ट्रहित में प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने के लिए तैयार है तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन किया जाएगा।
बैठक में पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा कंपनियों से आवंटन कम मिलने तथा पेट्रोल-डीजल की बढ़ी मांग के कारण उत्पन्न परिस्थितियों से अवगत कराया गया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने एवं कंपनियों से आपूर्ति बढ़ाने हेतु प्रयास किए जाने की मांग रखी।
पुलिस अधीक्षक ने प्रधानमंत्री की अपील का उल्लेख करते हुए कहा कि बिना आवश्यकता खरीद-बिक्री से बचें तथा जमाखोरी जैसी स्थिति उत्पन्न न होने दें। उन्होंने व्यापारियों से प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने एवं प्रशासन को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है तथा सभी को जिम्मेदारी के साथ सहयोग करना चाहिए। पेट्रोल पंप संचालकों को सुरक्षा का आश्वासन देते हुए व्यापारियों को सतर्क रहने की सलाह भी उन्होंने दी।
जिलाधिकारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा की गई अपील वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए की गई है। पूर्व में भी देश ने कोरोना काल सहित विभिन्न चुनौतियों का सामना जनसहयोग से किया है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से वर्तमान परिस्थितियों का भी सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है।
उन्होंने सर्राफा व्यापारियों से कहा कि अधिक मात्रा में खरीद-बिक्री अथवा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराएं। कारीगरों की समस्याओं के संबंध में उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनपद में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, अतः किसी प्रकार की अफवाह या पैनिक की स्थिति न बनने दें तथा अनावश्यक खरीद से बचें। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों पर आ रही समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
बैठक के दौरान व्यापारिक संगठनों द्वारा शहर में मल्टीलेवल पार्किंग एवं बाजार क्षेत्रों में महिलाओं हेतु शौचालय निर्माण की मांग भी उठाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्थान चिन्हांकन कर आवश्यक कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापारिक संगठनों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर अवर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार अपर जिलाधिकारी उपयुक्त राज्य कर सहित सर्राफा व्यवसाय एवं अन्य व्यापारिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।
Uploaded Image Uploaded Image