मऊ। दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के राजपूताना दक्षिणटोला निवासी विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष पारस मणि सिंह उर्फ दिपू सिंह ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर एक व्यक्ति पर फोन के माध्यम से जान से मारने की धमकी देने तथा गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को शाम करीब 5:52 बजे उनके मोबाइल नंबर पर अभिषेक, निवासी सुल्तानपुर बनौरा चौहान बस्ती, थाना दक्षिणटोला द्वारा फोन किया। आरोप है कि फोन पर अभिषेक सिंह ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली- गलौज की तथा उन्हें और उसके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थना पत्र में पीड़ित ने अभिषेक सिंह और उसके पिता अशोक सिंह पर आपराधिक प्रवृत्ति का होने तथा मुख्तार अंसारी गिरोह से संबंध होने का भी आरोप लगाया है।
पीड़ित पारस मणि सिंह ने थाना कोतवाली नगर में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा स्वयं और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जाँच में जुट गई है।
