रोटरी क्लब मऊ ने बाल संप्रेषण गृह में बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कार पर चलाया जागरूकता अभियान

रोटरी क्लब मऊ द्वारा बाल संप्रेषण गृह में बच्चों के बीच विशेष जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के अंदर सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं रचनात्मक विकास को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ चित्रकला प्रतियोगिता, मोटिवेशनल स्पीच, संगीत एवं जीवन जीने की कला से जुड़े प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए गए। वक्ताओं ने बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जुड़कर बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब के वरिष्ठ सदस्य डॉ. एस.सी. तिवारी, श्रीमती कंचन तिवारी, श्रीमती ज्योति सिंह, क्लब अध्यक्ष डॉ. ए.के. सिंह एवं पूर्व अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए शिक्षा, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच का महत्व बताया।
पूर्व अध्यक्ष डॉ. असगर अली सिद्दीकी द्वारा बच्चों के दांत एवं मुख का परीक्षण कर उन्हें साफ-सफाई एवं ओरल हेल्थ के प्रति जागरूक किया गया। वहीं चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. ए.के. रंजन ने बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब मऊ के सचिव डॉ. एस. खालिद ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के मानसिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और रोटरी क्लब के इस प्रयास की सराहना की।
Uploaded Image Uploaded Image