अभियोजन निदेशक ने अभियोजन अधिकारियों संग की बैठक,प्रभावी पैरवी कर अधिक से अधिक सजा दिलाने के दिए निर्देश

प्रदेश के अभियोजन निदेशक ललित मुदगल ने सोमवार को जनपद मऊ स्थित जिला अभियोजन कार्यालय का निरीक्षण किया। अभियोजन निदेशक का पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनका मऊ जनपद का प्रथम भ्रमण रहा।
जिला अभियोजन कार्यालय पहुंचने पर अपर निदेशक अभियोजन आज़मगढ़ मंडल भानु प्रताप पाण्डेय द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके उपरांत अभियोजन निदेशक ने कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन अधिकारियों, सहायक अभियोजन अधिकारियों, जिला शासकीय अधिवक्ताओं एवं सहायक जिला शासकीय अधिवक्ताओं के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान अभियोजन निदेशक ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की भयमुक्त समाज की संकल्पना को साकार करने हेतु गंभीर आपराधिक मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए तथा समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों को कठोर से कठोर सजा दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियोजन कार्य में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं समन्वय अत्यंत आवश्यक है, जिससे न्यायालय में मजबूत पक्ष प्रस्तुत किया जा सके।
उन्होंने शासकीय एवं सहायक शासकीय अधिवक्ताओं से भी संवाद कर लंबित एवं संवेदनशील मामलों में प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान संयुक्त निदेशक सी.के. राय, एसपीओ लक्ष्मीराज सिंह, अभियोजन अधिकारी अभिनव शुक्ला, अभियोजन अधिकारी प्रिया सिंह, प्रभारी डीजीसी अजय कुमार सिंह, एडीजीसी (पॉक्सो) प्रवीण मिश्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन एवं प्रबंधन अभियोजन अधिकारी अभिनव शुक्ला द्वारा किया गया।
Uploaded Image Uploaded Image