मऊ। भीषण गर्मी के बीच आमजन को राहत पहुँचाने के उद्देश्य से आज Inner Wheel Club के तत्वावधान में सहादतपुरा पेट्रोल पंप पर एक सराहनीय सेवा कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को ठंडक प्रदान करने के लिए बेल का शरबत, माजा सहित अन्य शीतल पेय वितरित किए गए, साथ ही धूप से बचाव के लिए छातों का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लगभग साढ़े तीन सौ गिलास ठंडा बेल का शरबत और करीब सौ माजा के पैकेट वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त 25 से 30 जरूरतमंद लोगों को छाते भी प्रदान किए गए। तेज धूप में सफर कर रहे लोगों को जब ठंडा शरबत मिला तो उनके चेहरों पर सुकून और संतोष साफ झलक रहा था, जो इस सेवा कार्य की सार्थकता को दर्शाता है।
क्लब की अध्यक्षा मीना अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गर्मी के मौसम में ‘भ्याऊ’ बैठाकर जल सेवा करने की परंपरा रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह छोटा-सा प्रयास किया गया है, जिससे लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि धूप में बिना सुरक्षा के चलने से लोगों को काफी परेशानी होती है, ऐसे में छाते वितरित करना एक संवेदनशील पहल है।
इस मौके पर क्लब की सचिव अंजूला अग्रवाल, एडिटर रितु अग्रवाल सहित वरिष्ठ सदस्य शरद टंडन, सुनीता खंडेलवाल, पूनम गुप्ता और बेनू अग्रवाल ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी सदस्यों ने पूरे समर्पण के साथ राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों को शरबत पिलाने और छाते वितरित करने का कार्य किया।
यह कार्यक्रम न केवल सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बना, बल्कि समाज को यह संदेश भी दे गया कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी लोगों के जीवन में बड़ी राहत और खुशियाँ लाई जा सकती हैं। ऐसे आयोजन समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।
