मऊ: ब्राह्मण विकास परिषद का तृतीय स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया


Uploaded Image

मऊ जनपद के चंद्रभानपुर स्थित पंचदेव मंदिर परिसर में ब्राह्मण विकास परिषद के कार्यालय का तृतीय स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऋषिकेश पांडेय ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं हनुमान चालीसा के पाठ के साथ हुई। इस अवसर पर परिषद के संरक्षक डॉ. एस.सी. तिवारी ने कहा कि परिषद एक गैर-राजनीतिक संगठन है, जो सजातीय लोगों के उत्थान के लिए समर्पित है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करता रहेगा। उन्होंने शिक्षा और ज्ञानार्जन पर विशेष बल दिया।
रामजी उपाध्याय ने परिषद के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्था स्वास्थ्य, संस्कार और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। मात्र तीन वर्षों में परिषद ने उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसमें सभागार और भोजनालय का निर्माण भी शामिल है तथा कई सामाजिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं।
अध्यक्ष ऋषिकेश पांडेय ने इस अवसर पर गौ-रक्षा का संकल्प दिलाते हुए कहा कि समाज के उत्थान के लिए हमें अपनी बुराइयों को त्यागकर एक सशक्त और मार्गदर्शक समाज का निर्माण करना होगा।
परिषद के महामंत्री संजय कुमार त्रिपाठी ने कर्मकांड पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ब्राह्मण का सम्मान उसके कर्मों से होता है। उन्होंने बताया कि ब्राह्मण का मुख्य कार्य ज्ञान अर्जित करना और उसे समाज में प्रसारित करना, यज्ञ करना और कराना तथा दान देना और ग्रहण करना है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में परशुराम वंदना एवं अंत में शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन भी संजय कुमार त्रिपाठी ने किया।
इस अवसर पर डॉ. लक्ष्मी शंकर दुबे, अवधेश तिवारी, जयशंकर दुबे, प्रणव चतुर्वेदी, धनंजय पांडेय, शिव शंकर उपाध्याय, नित्यानंद पांडेय, ऋषि देव तिवारी, अलकेंद्र दुबे, विजय दुबे, ज्ञान प्रकाश मिश्रा, रामानंद मिश्रा, महेश और प्रवीण सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे