मऊ। जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तापमान को देखते हुए छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिला अधिकारी की अनुमति के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा आदेश जारी कर सभी परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों (कक्षा 1 से 8 तक) के संचालन समय में बदलाव किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार अब 21 अप्रैल 2026 से सभी विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।
अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि सभी विद्यालय इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, ताकि तेज गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
