मऊ। जिले में अप्रैल की भीषण गर्मी ने बिजली व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। नगर क्षेत्र के सहादतपुरा में मानकों के विपरीत लगाए गए बिजली के तारों के कारण जगह-जगह स्पार्किंग और केबल पिघलने की घटनाएं सामने आई हैं, एक जगह मरम्मत हो रहा है तो दूसरी जगह केबल पिघल कर गिर जा रही है, जिससे इलाके में पिछले 42 घंटों से विद्युत आपूर्ति ठप है। गर्मी से परेशान जनता जहां त्राहि-त्राहि कर रही है, वहीं विभागीय लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिले में भीषण गर्मी के बीच शहर के सहादतपुरा इलाके में जो दृश्य देखने को मिल रहा है, वह किसी त्योहार का नहीं बल्कि बिजली विभाग की लापरवाही का नतीजा है। पुरानी तहसील के पूरब स्थित इस क्षेत्र में कुछ माह पूर्व पुरानी केबल को बदलकर नई केबल बिछाई गई थी, लेकिन आरोप है कि मानकों को दरकिनार कर घटिया गुणवत्ता की केबल लगाई गई।
गर्मी और बढ़ते लोड के कारण ये नई केबल जगह-जगह से पिघलकर टूट रही हैं, जिससे लगातार स्पार्किंग हो रही है। रात के अंधेरे में यह नजारा दीपावली की रोशनी जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसके पीछे की हकीकत बेहद चिंताजनक है।
लगभग 42 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि पिछले 42 घंटों से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। भीषण गर्मी में बिजली न होने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं खास तौर बीमार लोग बहुत परेशान हैं।पीने का पानी तक लोगो को नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के निवर्तमान जेई और एसडीओ की लापरवाही के चलते यह समस्या उत्पन्न हुई है
देर रात एसडीओ और अधिशासी अभियंता ने मौके का निरीक्षण किया।लेकिन लाइनमैन द्वारा ज्योही टूटे तारो को जोड़कर सप्लाई चालू किया। वैसे ही अत्यधिक लोड को तार झेल नहीं पाया और जगह जगह स्पार्किंग के कारण तार जगह जगह से जमीन पर टूटकर लटक गए ।
स्पार्किंग के कारण तार टूटकर लटकने से जा सकती है कई लोगों की जान।
देर रात टूटे तारो को ज्योहि जोड़कर बिजली विभाग ने सप्लाई चालू की गई।वैसे ही पुनः तारो में स्पार्किंग चालू हो गई है और जगह जगह तार टूटकर नीचे लटक गया।ऐसी स्थिति में अचानक यह तार बीच रोड पर गिरने से किसी की जान भी जा सकती है।तारो में स्पार्किंग ऐसी होती है जैसे तेज रोशनी के साथ पटाखे छूट रहे हो।और फिर जगह जगह तार टूटकर सड़क के बीच नीचे लटक जाता है।
स्थानीय लोगों की बिजली विभाग से किया मांग
प्रत्येक वर्ष गर्मी में यह समस्या बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने यह मांग किया है कि बिजली सप्लाई को कई भागों में जगह जगह अलग ट्रांसफर लगाकर विद्युत आपूर्ति को बाट दिया जाय ताकि लोड कम हो सके। और विद्युत आपूर्ति आसानी से हो सके।
गौरतलब है कि यह मामला उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के गृह जनपद से जुड़ा हुआ है, ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर इस गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है और कब तक लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
वहीं उक्त मामले की अधीक्षण अभियंता स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर सभी समस्याओं का जायजा लिया।
अब देखना यह होगा कि इस मोहल्लेवासियों की समस्याओं का निदान करने के लिए यह क्या कदम उठाते है।
