जिला एवं पुलिस प्रशासन की मेहनत लाई रंग,सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित जारी रैंकिंग में जनपद टॉप फाइव में शामिल।




प्रदेश के जनपदों में माह जनवरी 2025 के सापेक्ष माह जनवरी 2026 में घटित सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित प्रदेश स्तर की रैंकिंग जारी की गई है। इस रैंकिंग के अनुसार जनवरी माह की अवधि में वर्ष 2025 के सापेक्ष वर्ष 2026 में दुर्घटनाओं की संख्या में  4 प्रतिशत, मृतकों की संख्या में 0.9 प्रतिशत तथा घायलों की संख्या में कुल 4.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, परंतु जनपद मऊ में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के विशेष प्रयास के कारण जनवरी 2025 के सापेक्ष जनवरी 2026 में सड़क दुर्घटनाओं,उनमें होने वाली मौतों तथा घायलों की संख्या में अपेक्षित रूप से सुधार हुआ है। जनपद मऊ में जनवरी 2025 में कुल 31 सड़क दुर्घटनाएं हुई थी जबकि 2026 में कुल 25 सड़क दुर्घटना हुई। इस प्रकार सड़क दुर्घटनाओं में 19.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।इसी प्रकार जनवरी 2025 में मृतकों की संख्या कुल 19 थी जबकि 2026 में कुल 11 लोग सड़क दुर्घटनाओं के कारण मारे गए थे जो कुल का लगभग 45 प्रतिशत कमी दर्शाती है। इसी प्रकार जनवरी 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 14 लोग घायल हुए जबकि 2026 में 11 लोग घायल हुए। इस प्रकार घायलों की संख्या में भी 21.4 प्रतिशत की कमी आई है। इस जारी रैंकिंग में प्रथम स्थान अंबेडकर नगर का रहा है जहां सड़क दुर्घटनाओं में 2.7 प्रतिशत की कमी हुई तथा मृतकों की संख्या में 60% की कमी दर्ज की गई। घायलों की संख्या में भी 38.5% की कमी दर्ज की गई। सबसे खराब स्थिति जनपद सुल्तानपुर की रही जहां जनवरी 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 106.7 प्रतिशत, मृतकों की संख्या में 100% तथा घायलों की संख्या में 72.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली मौतों में अपेक्षित सुधार के लिए  यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग के साथ ही सड़क निर्माण कार्य से जुड़ी संस्थाएं लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के सहयोग के साथ ही साथ जनपद वासियों के सहयोग की भी सराहना की। ज्ञातव्य है कि सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली मौतों में कमी लाने हेतु नवंबर माह में ही सेव लाइफ फाउंडेशन के माध्यम से दुर्घटनाग्रस्त स्थलों का सर्वे कराते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सेव लाइफ फाउंडेशन द्वारा दिए गए सुझावो  पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे, जिसके परिणाम सुखद रहे तथा सड़क दुर्घटनाओं के साथ ही साथ उनमें होने वाली मृत्यु तथा घायलों की संख्या में भी गुणात्मक रूप से कमी आई है। उन्होंने आगे भी समस्त जनपद वासियों से यातायात के नियमों का पालन करने की अपील की तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागों को अनवरत रूप से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु प्रयास करने के निर्देश दिए हैं।