राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 का परिणाम 16 जुलाई 2026 को घोषित किया गया। इस परीक्षा में मऊ जनपद के सेंट जेवियर्स हाई स्कूल की मेधावी छात्रा कु. दिव्यांजलि चौहान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
दिव्यांजलि ने 720 में से 637 अंक प्राप्त कर 99.86 पर्सेंटाइल के साथ ऑल इंडिया रैंक 2605 हासिल की है। OBC-NCL वर्ग में उनका कैटेगरी रैंक 950 रहा। विषयवार प्रदर्शन भी शानदार रहा - भौतिक विज्ञान में 99.97, रसायन में 98.22 और जीव विज्ञान में 98.85 पर्सेंटाइल।
दिव्यांजलि ने अपनी प्रारंभिक से लेकर 12वीं तक की शिक्षा सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, मऊ से प्राप्त की है। उनकी इस अभूतपूर्व सफलता पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप कुमार दुबे जी ने कहा:
"दिव्यांजलि की यह सफलता हमारे पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उसकी मेहनत, लगन और अनुशासन आज रंग लाए हैं। हमें पूरा विश्वास है कि वह आगे चलकर एक कुशल डॉक्टर बनकर देश और समाज की सेवा करेगी।"
विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य रवि प्रताप शर्मा जी ने दिव्यांजलि को आशीर्वाद देते हुए कहा:
"दिव्यांजलि ने साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। विद्यालय परिवार की ओर से उसे उज्ज्वल भविष्य की ढेरों शुभकामनाएं।"
दिव्यांजलि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता श्री श्रीराम चौहान और श्रीमती नीमा चौहान, अपने गुरुजनों और सेंट जेवियर्स हाई स्कूल के मार्गदर्शन को दिया।

