विद्युत उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर एवं डिजिटल भुगतान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विद्युत विभाग, मऊ द्वारा दिनांक 02 फरवरी 2026 से एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान के अंतर्गत उन सभी विद्युत उपभोक्ताओं को शामिल किया जाएगा जिनके परिसरों पर स्मार्ट मीटर स्थापित हैं। अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को उनके नेगेटिव बैलेंस का रिचार्ज, एडवांस बिल का भुगतान, एरियर राशि का रिचार्ज के माध्यम से भुगतान, उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन में UPPCL Smart App डाउनलोड कराना, उपभोक्ताओं का सही मोबाइल नंबर अद्यतन करना, तथा नियमित रूप से बिजली बिल रिचार्ज करने हेतु प्रेरित किया जाएगा।
इस विशेष अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने हेतु आज श्री मागेंद्र कुमार, अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल, मऊ द्वारा, खंड के अधिशासी अभियंता श्री आशीष सेठ व उपखंड अधिकारी, श्री अमित कुमार के उपस्थिति में लाइनमैन एवं अवर अभियंताओं को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें स्मार्ट मीटर संचालन, ऐप उपयोग, उपभोक्ता संवाद एवं डिजिटल भुगतान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करते हुए समय पर बिल भुगतान करें एवं स्मार्ट सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, जिससे निर्बाध एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
