भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी पर भाजपा नेताओं को किया सम्मानित

भारतीय जनता पार्टी  ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी वर्ष को ऐतिहासिक रूप से मनाने का संकल्प लिया है। इसी क्रम में, भाजपा  विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिसमें अटल स्मृति संकलन एवं संपर्क अभियान एक महत्वपूर्ण पहल साबित होने जा रही है।

इस अभियान के तहत, उन सभी लोगों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अटल जी के साथ कार्य किया है, उनके किसी कार्यक्रम में शामिल रहे, या जिनके पास अटल जी की कोई यादगार वस्तु जैसे फोटो, ऑटोग्राफ, लेख, कविता, पेपर कटिंग आदि है। 
भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री तथा कार्यक्रम के संयोजक सुनील कुमार गुप्त तथा जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल ने  जनपद के हरिहर प्रसाद गुप्ता हौसला प्रसाद उपाध्याय तथा अरविंद सिंह जैसे वरिष्ठतम नेताओं के आवास पर जाकर उन्हें फूल माला पहनाई तथा अंगवस्त्र देकर उन्हें सम्मानित किया। पार्टी द्वारा मिलने वाले सम्मान से वरिष्ठ नेता भाव विह्वल दिखे, भाजपा नेताओं ने अटल जी के साथ व्यतीत किए गए समय को याद किया तथा उनके यादों पर चर्चा की।

भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री सुनील कुमार गुप्त ने बताया कि हम अटल बिहारी वाजपेयी जी के योगदान को आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजना चाहते हैं। इस अभियान के तहत, उन सभी लोगों को सम्मानित किया जा रहा है, जिन्होंने अटल जी के साथ काम किया या जिनके पास उनसे जुड़ी कोई स्मृति है।
सम्मान समारोह 31 जनवरी 2025 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें  जिले के वरिष्ठतम कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जा रहा है। कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के कार्यकाल में देश में बुनियादी ढांचे को विकसित करने की नींव रखी गई थी।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है, जो जिलेभर में ऐसे लोगों को तलाशकर उनके योगदान को उजागर करेंगे।
भाजपा के जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल ने बताया कि मऊ जिले में भी ऐसे लोगों को 31 जनवरी तक चिन्हित कर सम्मानित किया जाएगा, जो अटल बिहारी वाजपेयी जी से किसी भी रूप में जुड़े रहे हों।
इस अवसर पर रामाश्रय मौर्य कृष्णकांत राय विनोद गुप्ता संतोष सिंह विनोद वर्मा रमेश दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।