शिब्ली इंटर कॉलेज, आजमगढ़ में 9 से 12 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 70वीं राज्यस्तरीय विद्यालयी योगासन प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए जनपद मऊ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में मऊ के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण एवं दो रजत पदक हासिल किए। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जनपद के चारों खिलाड़ी स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के *अंडर-17 बालक वर्ग के आर्टिस्टिक पेयर इवेंट* में मां शकुंतला इंटर कॉलेज, अमारी के गगन एवं नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज, फैजुलाहपुर के पीयूष की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, *अंडर-19 बालिका वर्ग के आर्टिस्टिक पेयर इवेंट* में बापू इंटर कॉलेज, कोपागंज की संजना एवं पूजा की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीतकर जनपद का मान बढ़ाया।
इसके अतिरिक्त, आर्टिस्टिक सिंगल स्पर्धा में पूजा एवं पीयूष ने रजत पदक हासिल किए। इस प्रकार पूजा और पीयूष प्रतियोगिता में दो-दो पदक जीतने में सफल रहे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जनपद मऊ में योगासन खेल की प्रतिभा और संभावनाओं को नई पहचान मिली है।
राष्ट्रीय स्तर पर भी मऊ के खिलाड़ियों का शानदार रिकॉर्ड
जनपद के इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां राष्ट्रीय स्तर पर भी उल्लेखनीय रही हैं। पूजा लगातार तीसरी बार एसजीएफआई की राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप के लिए चयनित हुई हैं, जबकि गगन एवं पीयूष दूसरी बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं, संजना राष्ट्रीय योग ओलंपियाड प्रतियोगिता के लिए चयनित होने वाली जनपद मऊ की पहली एवं एकमात्र खिलाड़ी हैं। इन उपलब्धियों से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी योगासन खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में राजन वैदिक ने निभाई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन में डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, मऊ के सचिव राजन वैदिक ने प्रतियोगिता प्रबंधक (Competition Manager) के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। प्रतियोगिता के दौरान उनके दायित्वों के निर्वहन एवं समन्वय ने आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में योगदान दिया।
एसोसिएशन एवं विद्यालय परिवार ने दी बधाई
जनपद के खिलाड़ियों की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, मऊ के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार द्विवेदी, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र मिश्रा, कोषाध्यक्ष राजेश गोस्वामी सहित एसोसिएशन के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
साथ ही, खिलाड़ियों के संबंधित विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं समस्त विद्यालय परिवार ने भी उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने विश्वास जताया कि ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश एवं जनपद मऊ का नाम रोशन करेंगे।
