आगामी दशहरा, दुर्गा पूजा, मूर्ति विसर्जन एवं भारत मिलाप पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, व्यापारियों एवं संबंधित अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की तथा उनके निराकरण के संबंध में सुझाव दिए।
बैठक में संजय वर्मा ने बताया कि 10 अक्टूबर से रामलीला का शुभारंभ होना है। उन्होंने रेलवे फाटक कोतवाली के पास सड़क की मरम्मत कराने, जर्जर विद्युत तारों को बदलने तथा हाई वोल्टेज विद्युत तारों के नीचे सुरक्षा की दृष्टि से जाली लगाए जाने की आवश्यकता बताई। साथ ही राजगद्दी की भूमि पर अवैध निर्माण हटाने तथा त्योहार के दौरान खुले में घूमने वाले पशुओं पर नियंत्रण की मांग की।
पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद तैयब पालकी ने नगर क्षेत्र में कुत्तों, सूअरों एवं गदहों के विचरण पर प्रभावी रोक लगाने तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने का सुझाव दिया। व्यापार मंडल अध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने मूर्ति विसर्जन के मुख्य मार्ग डाकघर, शहर कोतवाली, रेलवे फाटक से बालनिकेतन मोड़ तक की खराब सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने रौजा बाजार से सदर चौक होते हुए रघुनाथपुर तक सड़क के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तारों के नीचे सुरक्षा जाली अथवा केबल लगाए जाने तथा मोहम्मदाबाद गोहना में तमसा नदी पुल से नदवासराय बाजार तक लोक निर्माण विभाग की जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की आवश्यकता बताई।
नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल ने नगर पालिका से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि माता पोखरा के समीप नाला निर्माण पैमाइश के अभाव में बाधित है। पैमाइश पूर्ण होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने त्योहारों के दौरान नगर में साफ-सफाई एवं पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने की बात कही।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान डीजे का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाएगा। सभी प्रतिमा स्थलों एवं शोभायात्रा मार्गों पर समिति के सदस्यों द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। उन्होंने शोभायात्रा के दौरान शराब का सेवन न करने की अपील की। हिंदी भवन क्षेत्र में अधिक भीड़ के दृष्टिगत आने-जाने वाले मार्ग को पर्याप्त चौड़ा रखने तथा प्रतिमाओं की ऊंचाई निर्धारित मानक के अनुरूप रखने को कहा, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाहों को प्रसारित न करने तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने कहा कि 10 अक्टूबर से त्योहारों का शुभारंभ हो रहा है। त्योहारों के दौरान छोटी-बड़ी सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी तथा अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे निर्धारित मानकों के अनुरूप ही बजाए जाएंगे, अन्यथा संबंधित डीजे संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने कहा कि त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने सेतु निगम द्वारा रेलवे फाटक पर कराए जा रहे कार्य को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही खुले विद्युत तारों को सुरक्षित करने तथा पंडालों के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से जाली लगाए जाने के निर्देश अधिशासी अभियंता विद्युत को दिए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को त्योहारों के दृष्टिगत नगर क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नगर पालिका एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों को खुले में घूम रहे पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कड़ी निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सभी पूजा समितियों से पंडालों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में काफी सहायता मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दशा में कोई नई परंपरा प्रारंभ नहीं की जाएगी। शांति समिति के सदस्यों को अपना पहचान पत्र साथ रखने के निर्देश दिए गए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उनकी पहचान सुनिश्चित करने एवं समस्याओं के त्वरित समाधान में सुविधा हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी एवं जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
