राजकीय महिला महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पश्चिम बंगाल प्रभारी तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष शक्ति सिंह ने पहल की है। महाविद्यालय में सरकारी योजनाओं के तहत उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के साथ-साथ शक्ति सिंह ने अपनी ओर से भी कुर्सियां, वाटर कूलर एवं बारिश से बचाव के लिए छतरियां उपलब्ध कराईं।
शक्ति सिंह ने अपने जन्मदिन के अवसर पर राजकीय महिला महाविद्यालय को गोद लेने की पहल की थी। इसी क्रम में महाविद्यालय की आवश्यकताओं और छात्राओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार सहयोग किया जा रहा है। गर्मी के मौसम में छात्राओं को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटर कूलर तथा बरसात के दौरान परेशानी से बचाने के लिए छतरियों की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही छात्राओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त कुर्सियां भी उपलब्ध कराई गई हैं।
इस अवसर पर शक्ति सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ संस्थानों तक पहुंचना स्वागत योग्य है, लेकिन समाज के जिम्मेदार लोगों को भी अपनी ओर से योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया कोई भी छोटा प्रयास आने वाली पीढ़ी के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि राजनीति और सामाजिक जीवन केवल पद और दायित्व तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसकी वास्तविक सार्थकता तब है, जब समाज की जरूरतों को समझकर जमीन पर काम किया जाए। “छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मूलभूत सुविधाएं मिलें, यही हमारा उद्देश्य है। सरकारी स्तर पर होने वाले कार्यों के साथ हम अपनी ओर से भी जो संभव होगा, वह करते रहेंगे।”
शक्ति सिंह ने कहा कि मऊ के विकास के लिए शिक्षा, रोजगार और बेहतर बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “हमें अपने मऊ में अपराध के कीचड़ को साफ करके विकास की गंगा बहानी है। मऊ की पहचान अपराध और भय से नहीं, बल्कि शिक्षा, विकास, रोजगार और बेहतर भविष्य से हो—यह हमारा संकल्प होना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और जनसेवा को केवल राजनीति का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व के रूप में देखना होगा। राजकीय महिला महाविद्यालय में की गई यह पहल इसी सोच का हिस्सा है।
शक्ति सिंह लंबे समय से छात्र और युवा राजनीति से जुड़े रहे हैं। वे दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रहे हैं तथा वर्तमान में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और पश्चिम बंगाल प्रभारी के रूप में संगठनात्मक दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।
महाविद्यालय में छात्राओं के लिए की गई इस पहल को शिक्षा और जनसेवा से जुड़ी सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले समय में भी महाविद्यालय की आवश्यकता के अनुरूप सहयोग जारी रखने की बात शक्ति सिंह ने कही है।
