मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के क्रियान्वयन में जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर आ रही समस्याओं के निराकरण तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के आदेश तथा मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार महिला कल्याण विभाग के तत्वावधान में विकास खंड रानीपुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान घरेलू हिंसा, बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करते हुए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। किसी भी प्रकार की हिंसा अथवा समस्या की स्थिति में महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन समन्वयक श्रीमती अर्चना राय, सेंटर मैनेजर श्रीमती संध्या सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती तृप्ति राय, विकास खंड रानीपुर के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा स्थानीय महिलाएं एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़कर उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना रहा।
