परिवहन कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार, अनियमित वसूली और बिचौलियों की भूमिका को लेकर आम आदमी पार्टी, मऊ ने आज RTO कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच एवं व्यवस्था में सुधार की मांग की।
AAP जिलाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य विक्रम जीत सिंह ने कहा कि एक वाहन के मामले में ₹2,302 की जमा कर राशि के बाद ₹30,402 की देय राशि दिखाई देना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि यह वृद्धि नियमों के अनुसार हुई है तो आम नागरिक को इसका पूरा मदवार और नियमवार हिसाब स्पष्ट रूप से मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल एक वाहन के मामले की नहीं है, बल्कि इस मामले को उदाहरण बनाकर परिवहन विभाग में व्याप्त बताई जा रही अनियमितताओं और कथित भ्रष्टाचार की जांच तथा पूरे सिस्टम को पारदर्शी बनाने की मांग है।
विक्रम जीत सिंह ने कहा कि आम आदमी अपना काम कराने के लिए बिचौलियों पर निर्भर क्यों हो? ऑनलाइन व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि वाहन मालिक को टैक्स, पेनल्टी, विलंब शुल्क और अन्य देयों की पूरी जानकारी स्वयं उपलब्ध हो और किसी भी प्रकार की अनियमित वसूली की गुंजाइश न रहे।
उन्होंने कहा कि परिवहन कार्यालय में बिचौलियों की भूमिका तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से संबंधित जो शिकायतें सामने आ रही हैं, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सेवानिवृत्त अधिकारियों/कर्मचारियों के संबंध में भी यदि किसी प्रकार की शिकायत या सूचना है तो उसकी तथ्यात्मक जांच कराई जाए।
विक्रम जीत सिंह ने स्पष्ट कहा कि बिना जांच किसी को दोषी नहीं माना जा रहा है, लेकिन यदि जांच में भ्रष्टाचार, अनियमितता या मिलीभगत प्रमाणित होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर प्रभावी सुधार नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी जनहित में आर-पार की लोकतांत्रिक लड़ाई आगे बढ़ाएगी।जनता के काम में पारदर्शिता चाहिए, बिचौलियों का राज नहीं!जनहित में संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में अवधेश मौर्य, अरमान खान, दीपु सिंह, हेमंत सिंह, संजय राजभर सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।
