पटरी दुकानदारों के उत्पीड़न के विरोध में समाजवादी व्यापार सभा ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन



 छोटे फुटपाथ एवं पटरी दुकानदारों के उत्पीड़न तथा अतिक्रमण हटाने के नाम पर की जा रही कार्रवाई के विरोध में समाजवादी व्यापार सभा, जनपद मऊ के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपकर गरीब दुकानदारों की समस्याओं के समाधान की मांग की।


Uploaded Image

 समाजवादी व्यापार सभा ने मांग की कि नगर क्षेत्र में छोटे फुटपाथ एवं पटरी दुकानदारों का सर्वे एवं पंजीकरण कराया जाए तथा उनके लिए व्यवस्थित वेंडिंग जोन एवं वैकल्पिक व्यापार स्थल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही दुकानदारों को बिना उचित नोटिस दिए सामान हटाने अथवा जब्त करने की कार्रवाई न की जाए।

इस अवसर पर समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया ने कहा कि छोटे दुकानदार मेहनत करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अचानक की जाने वाली कार्रवाई से उनकी रोजी-रोटी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा नगर की यातायात एवं स्वच्छता व्यवस्था के पक्ष में है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर गरीब दुकानदारों का उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष शिवम कुमार सोनी ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में भेदभाव नहीं होना चाहिए। बड़े और छोटे सभी अतिक्रमणों पर समान रूप से कार्रवाई हो तथा गरीब दुकानदारों को हटाने से पहले उनके पुनर्वास एवं वैकल्पिक व्यापार स्थल की व्यवस्था की जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि दुकानदारों की समस्याओं के समाधान के लिए नगर पालिका, प्रशासन एवं व्यापारी प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर स्थायी समाधान निकाला जाए।
समाजवादी व्यापार सभा ने कहा कि उसका उद्देश्य नगर की व्यवस्था को बाधित करना नहीं, बल्कि “व्यापार भी चले और नगर भी व्यवस्थित रहे” की भावना के साथ छोटे व्यापारियों के लिए सम्मानजनक एवं सुरक्षित रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित कराना है।
इस अवसर पर समाजवादी व्यापार सभा के प्रीतम मद्धेशिया ,प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग उमेश यादव अभय गुप्ता, आदित्य राजभर, अंकित मद्धेशिया, मौजूद रहे।