द मऊ क्लब ने लावारिस छोड़ी गई 18 मूर्तियों का किया विसर्जन फूलों से सुसज्जित वाहन पर सम्मानपूर्वक एकत्र कर तमसा नदी के विसर्जन घाट पर पहुंचाया


Uploaded Image

मऊ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपरांत ब्रह्मस्थान स्थित पोखरे की सीढ़ियों पर लावारिस छोड़ी गई भगवान श्रीकृष्ण की मिट्टी की 18 मूर्तियों का द मऊ क्लब द्वारा सोमवार को सम्मानपूर्वक विसर्जन किया गया। फूलों से सुसज्जित वाहन पर मूर्तियों को एकत्र कर तमसा नदी के विसर्जन घाट तक ले जाया गया, जहां विधि-विधान से सभी मूर्तियों का विसर्जन किया गया।
द मऊ क्लब के अध्यक्ष लालबहादुर जायसवाल एवं सचिव तेज प्रताप तिवारी ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़ी मूर्तियों को पूजन के बाद लावारिस हालत में छोड़ देना कतई उचित नहीं है। मूर्तियों का सम्मानपूर्वक विसर्जन किया जाना चाहिए। इसी भावना के साथ क्लब द्वारा यह पहल की गई, ताकि पूजित मूर्तियों को उचित सम्मान मिल सके।
इस अवसर पर श्रीराम जायसवाल ने श्रद्धालुओं से अपील की कि भविष्य में पूजन के बाद मूर्तियों को लावारिस न छोड़ें, बल्कि उनका सम्मानपूर्वक विसर्जन सुनिश्चित करें।
विसर्जन कार्यक्रम में आनंद कुमार मिश्रा, कन्हैया लाल जायसवाल, नीरज जायसवाल, राकेश दुबे, सौरभ बरनवाल, तेज प्रताप तिवारी, अंकित बरनवाल, श्रीराम जायसवाल आदि उपस्थित रहे।