उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष ने मऊ से मैसूर के लिए नई ट्रेन चलाने की की मांग


Uploaded Image

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर के महादेव घाट पर आयोजित सेवा एवं संकल्प अभियान के दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार संगठन के जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने ज्ञापन सौंपकर मऊ जंक्शन से मैसूर (बेंगलुरु) के लिए नई ट्रेन चलाने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने बताया कि मऊ जनपद का प्रमुख व्यवसाय मऊ की साड़ी है, लेकिन वर्तमान समय में यह कारोबार मंदी के दौर से गुजर रहा है। मऊ से दक्षिण भारत के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण साड़ी व्यापारियों एवं बुनकरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे इस कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि मऊ के व्यापारियों, बुनकरों एवं आम नागरिकों द्वारा विगत कई वर्षों से मऊ जंक्शन से दक्षिण भारत के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग की जा रही है। इस मांग के क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर मुख्यालय द्वारा मऊ से मैसूर के लिए नई ट्रेन चलाने का प्रस्ताव कुछ माह पूर्व स्वीकृति के लिए रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली को भेजा जा चुका है।
ज्ञापन में मंत्री से आग्रह किया गया कि वे इस प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड से स्वीकृति दिलाने के लिए अपने स्तर से पहल करें, ताकि मऊ के व्यापारियों, बुनकरों, किसानों तथा आम नागरिकों को दक्षिण भारत की सीधी रेल सेवा का लाभ मिल सके और मऊ के साड़ी उद्योग एवं व्यापार को भी नई गति प्राप्त हो।
ज्ञापन पढ़ने के बाद मंत्री ए.के. शर्मा ने उमाशंकर ओमर को आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में रेल मंत्री से वार्ता कर मऊ से मैसूर के लिए ट्रेन चलाने की दिशा में जल्द पहल करेंगे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारी, स्थानीय लोग तथा मंत्री के साथ मौजूद अधिकारी उपस्थित रहे।