अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, जनपद मऊ की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर स्थित संगठन के शिविर कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 3 सितंबर को लखनऊ में आयोजित स्वदेशी व्यापारी कुंभ में जनपद से अधिकाधिक संख्या में व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक में संगठन से जुड़ने वाले नए सदस्यों अजय सर्राफ, सूर्यांश सर्राफ, शफीक अहमद, वीरेंद्र कुमार, अतुल गुप्ता, शाहिद आदि का उपस्थित पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने करतल ध्वनि के साथ स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, जनपद मऊ के जिलाध्यक्ष डॉ. रामगोपाल गुप्त ने कहा कि संगठन लगातार व्यापारियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा व्यापारियों के सम्मान और हितों में कई सकारात्मक कदम उठाए गए हैं, जिसके लिए संगठन सरकार के प्रति आभार व्यक्त करता है।
उन्होंने व्यापारियों के हित में प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि व्यापारिक दुर्घटना में मृतक व्यापारी के परिवार को मिलने वाली आर्थिक सहायता 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये की जानी चाहिए। इसके साथ ही प्रमुख शहरों में महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक शौचालयों का निर्माण, लखनऊ की तर्ज पर जनपदों में भी आधुनिक निजी शौचालयों की व्यवस्था, तथा ठेला-पटरी व्यवसायियों के लिए स्थायी स्थान निर्धारित किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
डॉ. गुप्त ने बताया कि मऊ जनपद के दोहरीघाट, घोसी, मुहम्मदाबाद, रतनपुरा, कोपागंज तथा पिपराडीह शाखा से लगभग दो सौ व्यापारी लखनऊ जाएंगे और डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित स्वदेशी व्यापारी कुंभ में सहभागिता करेंगे।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया गया। युवा संगठन के जिलाध्यक्ष अजहर फैजी ने कहा कि व्यापारियों को संगठित होकर अपनी शक्ति और एकता का प्रदर्शन करने का यह सुनहरा अवसर मिला है।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को संगठित कर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना तथा व्यापारी हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करना है।
बैठक को जिला महामंत्री कन्हैया लाल जायसवाल, युवा संगठन के जिला महामंत्री महातम यादव, सुभाष कन्नौजिया, इकबाल अहमद आदि ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से कृष्ण गोपाल बरनवाल, सुरेंद्र गुप्ता, हाजी अनवर अली, हाजी जावेद तरफदार, हाजी इफ्तेखार अहमद, वीरेंद्र कुमार, अनिल शर्मा, गामा यादव, हरिशंकर गुप्त नीरज अग्निवेश अजीत मौर्य फैयाज अहमद शफीक अहमद आदि मौजूद है
