मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत संचालित निःशुल्क कोचिंग सेंटर का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ



जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आज मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित निःशुल्क कोचिंग सेंटर का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रारंभ हुई इस कोचिंग में यूपीएससी, एसएससी, नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे चयनित विद्यार्थियों की नियमित कक्षाओं का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया तथा सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासित अध्ययन, समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास एवं आत्मविश्वास बनाए रखने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और सही मार्गदर्शन से ही लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। इस दौरान असफलता भी मिलेगी लेकिन उसे घबराने की जरूरत नहीं है, निरंतर प्रयास से एक दिन सफलता अवश्य मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कोचिंग सेंटर में स्थापित लाइब्रेरी, डिजिटल क्लासरूम, वाई-फाई सुविधा एवं ऑनलाइन अध्ययन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी है। ऐसे छात्र जो आर्थिक कारणों से दिल्ली, लखनऊ, प्रयागराज जैसे बड़े शहरों में जाकर कोचिंग प्राप्त नहीं कर पाते, उन्हें जनपद स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया गया है तथा आज से नियमित कक्षाओं का संचालन प्रारंभ हो गया है। अनुभवी एवं विषय विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में छात्र इस योजना से लाभान्वित होते हैं तथा जिला प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवा इस योजना का लाभ उठाकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कोचिंग सेंटर तक जाने वाले संपर्क मार्ग एवं भवन की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संपर्क मार्ग के निर्माण हेतु शीघ्र एस्टीमेट तैयार कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन में आवश्यक मरम्मत एवं अन्य सुधार कार्य भी शीघ्र कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में क्लासरूम की सुविधाओं को और अधिक उन्नत किया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को उत्कृष्ट अध्ययन वातावरण उपलब्ध हो सके। वर्तमान में केंद्र पर समृद्ध लाइब्रेरी, वाई-फाई सुविधा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पर्याप्त पुस्तकें उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी युवाओं को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराकर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाना है। जिला प्रशासन इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी  रश्मि मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Uploaded Image Uploaded Image