अमिला (मऊ)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) गोरक्ष प्रांत के मऊ जिले की अमिला नगर इकाई द्वारा 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर एस.एस.वी. पब्लिक स्कूल, अमिला में संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रवास पर प्रांत कार्यकारिणी सदस्य प्रियांशु वर्मा, समाजसेवी हरिओम शर्मा, विशाल गुप्ता तथा विद्यालय के शिक्षक अखिलेश मिश्रा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरिओम शर्मा ने कहा कि "विद्यार्थी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनमें राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और सकारात्मक नेतृत्व के गुणों का विकास होना चाहिए। अभाविप वर्षों से छात्र हितों के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।"
अपने उद्बोधन में प्रियांशु वर्मा ने कहा कि "अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का सशक्त आंदोलन है। परिषद विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय चेतना के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रत्येक विद्यार्थी को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।"
विद्यालय के शिक्षक अखिलेश मिश्रा ने सभी को अभाविप के 78वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन कृष्णा पांडेय ने किया।
इस अवसर पर अभाविप के कार्यकर्ताओं सहित विद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।
