विद्युत सुरक्षा को लेकर AAP ने सौंपा ज्ञापन, पूरे जनपद में सुरक्षित केबल लगाने की मांग


Uploaded Image

मऊ। आम आदमी पार्टी, मऊ के जिलाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में आज विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता (XEN) को ज्ञापन सौंपकर जनपद में विद्युत सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की गई।

ज्ञापन के माध्यम से प्राथमिक विद्यालय के सामने झुके विद्युत खंभे को तत्काल ठीक कराने, घरों के ऊपर से गुजर रही 440 वोल्ट की विद्युत केबल को हटाकर सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग से ले जाने तथा पूरे जनपद में खुले एवं असुरक्षित विद्युत तारों के स्थान पर तकनीकी मानकों के अनुरूप सुरक्षित केबल, विशेषकर एबीसी (ABC) केबल, लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

विक्रम जीत सिंह ने कहा, “विद्युत सुरक्षा पूरे जनपद के नागरिकों से जुड़ा गंभीर विषय है। घरों के ऊपर से गुजरते विद्युत तार, झुके खंभे और खुले तार किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। विद्युत विभाग पूरे जनपद में ऐसे खतरनाक स्थानों का सर्वे कराए और प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित केबल लगवाए। विशेष रूप से विद्यालयों, घनी आबादी वाले क्षेत्रों और आवासीय परिसरों के आसपास सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।”

उन्होंने कहा कि किसी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से मौजूद खतरों को दूर करना आवश्यक है। विद्युत विभाग ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध समाधान करे और की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी उपलब्ध कराए। यदि प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है, तो आम आदमी पार्टी जनहित में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी।

ज्ञापन कार्यक्रम में ऋषिकेश पांडेय, अरमान खान, जितेंद्र कुमार, मनजीत सहित पार्टी के अन्य साथी उपस्थित रहे।