छूटे एवं नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने हेतु समस्त मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप का आयोजन

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान छूटे हुए मतदाताओं एवं नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से आज जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप के दौरान संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता सूची एवं फॉर्म-6, फॉर्म-7 तथा फॉर्म-8 के साथ उपस्थित रहे।
इस क्रम में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने विधानसभा क्षेत्र मधुबन के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्र कंपोजिट विद्यालय सुल्तानपुर बारहगांवा स्थित 10 बूथों तथा मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय सिपाह स्थित तीन बूथों का निरीक्षण कर विशेष अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों से अब तक प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम शामिल करने से कोई भी पात्र नागरिक किसी भी दशा में वंचित न रहने पाए। सभी बीएलओ निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष अभियान के अतिरिक्त बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करें। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान किसी कारणवश जिन पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उनके नाम भी नियमानुसार सूची में शामिल कराए जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि ऐसे सभी पात्र नागरिक, जो 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं तथा मृतक मतदाताओं के नाम नियमानुसार मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन रखा जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी मधुबन दीपक कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Uploaded Image Uploaded Image