मंत्री एके शर्मा के जन्मदिन पर गृह जनपद मऊ मे केक काटकर और वृक्षारोपण करके समर्थकों ने धूमधाम से मनाया जन्मदिन

उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा का जन्मदिवस उनके गृह जनपद मऊ में पूरे उत्साह एवं हर्षोल्लास से मनाया गया। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उनके समर्थकों, शुभचिंतकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रशंसकों ने केक काटकर, मिठाइयां बांटकर तथा वृक्षारोपण कर के एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की।

अपने जन्मदिवस पर प्राप्त शुभकामनाओं एवं स्नेह के लिए श्री ए. के. शर्मा ने जनपदवासियों, समर्थकों और शुभचिंतकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनपद मऊ की जनता का प्रेम, विश्वास और अपनापन ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहेंगे और जनसेवा को ही अपना सर्वोच्च दायित्व मानते हैं।

 ए.के.शर्मा ने कहा कि मऊ उनके लिए केवल जन्मभूमि ही नहीं, बल्कि भावनाओं और आत्मीयता से जुड़ी कर्मभूमि भी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनपद के सर्वांगीण विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाओं, रोजगार के अवसरों तथा आधुनिक शहरी एवं ग्रामीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि मऊ को विकास का एक आदर्श मॉडल बनाया जाए, जहां विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने सभी नागरिकों से विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसहयोग और जनभागीदारी से ही मऊ को नई पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने एक बार फिर सभी शुभचिंतकों एवं समर्थकों के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त किया और उनके स्नेह एवं आशीर्वाद को आगे भी अपनी कार्यशैली की प्रेरणा बताया।
Uploaded Image Uploaded Image