मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के निधन पर पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने व्यक्त किया शोक, दिवंगत आत्मा की शान्ति हेतु की गई प्रार्थना

मऊनाथ भंजन। आज पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व0 मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन पर अपनी संवेदनायें व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि दिवंगत एक ऐसे परिवार से सम्बद्ध थे जिसका उत्तर प्रदेश एवं देश की राजनीति में काफी दखल है। उनके पिता नेताजी न सिर्फ उ0प्र0 के कई बार मुख्यमंत्री रहे वरन् केन्द्र सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में भी अपनी अनूठी सेवायें दीं, जिसके चलते पूरे देश में यादव परिवार की छवि एक सम्मानित राजनैतिक परिवार के रूप में स्थापित है।
उन्होंने बताया कि स्व0 राजनेता मुलायम सिंह यादव मेरे राजनैतिक गुरू हैं और मैंने उन्हीं के मार्गदर्शन एवं सान्निध्य में अपने राजनैतिक जीवन की शुरूआत की थी। नेताजी मुझे अपने सान्निध्य में रखते थे, इस लिये भी यादव परिवार के लगभग सभी सदस्यों से मेरा घनिष्ठ सम्बन्ध रहा है। दिवंगत प्रतीक यादव से भी मेरा सम्बन्ध मधुर था। यद्यपि वे राजनैतिक व्यक्ति नहीं थे फिर भी परिवार के सदस्य के रूप में मेरा उनसे भी अनौपचारिक सम्बन्ध काफी बेहतर था। समाजवादी पार्टी में भी उनकी छवि एक सुलझे हुये व्यक्ति के रूप में बनी रही। यही कारण था कि पार्टी कार्यकर्ता उनसे स्नेह रखते थे। मुझे भी उनके आकस्मिक निधन पर बहुत दुःख एवं सदमा पहुंचा है। उनकी मृत्यु यादव परिवार के लिये बहुत बड़ी क्षति है। इस दुःखद घटना से न सिर्फ सपा एवं सपाई ही आहत हैं बल्कि मुझ समेत सभी दलों के लोग भी काफी दुःखी हैं।

पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुये कहा कि मुझ पर स्व0 नेता जी एवं उनके सुपुत्र पूर्व मुख्यमंत्री उ0प्र0 मा0 अखिलेश यादव जी के बहुत से एहसान हैं। मैं इस दुःख की घड़ी में अपने प्रिय राजनैतिक गुरू राजनेता ‘नेताजी’ के परिवार के साथ खड़ा हूँ। ईश्वर उनकी आत्मा को शान्ति दे तथा शोकाकुल परिवार को दुःख सहन करने की असीम क्षमता प्रदान करें
Uploaded Image