मऊ। महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवडकर द्वारा मऊ जंक्शन के अपने पहले निरीक्षण के दौरान विभिन्न संगठनों द्वारा मरुधर एक्सप्रेस को मऊ से संचालित किए जाने की पुरजोर मांग की गई। मऊ जंक्शन प्रथम आगमन पर महाप्रबंधक को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
गुरुवार को पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवडकर अपने कार्यकाल के पहले निरीक्षण पर मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां हनुमत कृपा सेवा समिति, बालाजी भक्त मंडल, लघु उद्योग भारती, द मऊ क्लब, मऊ व्यापार मंच सहित आधा दर्जन से अधिक व्यावसायिक, धार्मिक व सामाजिक संगठन के दर्जनों प्रतिनिधि पहुंचे। जिन्होंने यात्री सुविधा को लेकर महाप्रबंधक को पत्रक सौंपा। विशेष बात यह की सभी संगठनों में प्रथम वरीयता में वाराणसी सिटी से जोधपुर के बीच चलने वाली मरुधर एक्सप्रेस का संचालन मऊ जंक्शन से किए जाने की मांग की गई। इसके साथ ही मऊ आनंद विहार द्विसाप्ताहिक को प्रतिदिन, मऊ से दिल्ली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस, मऊ से लखनऊ के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस व ताप्ती गंगा एक्सप्रेस को 5 दिन के स्थान पर सातों दिन चलाए जाने की मांग की गई। इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा टिकट शुल्क में मिलने वाली रियायत, मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलने वाली रियायत को पुनः बहाल किए जाने की मांग की गई। महाप्रबंधक बोरवडकर ने कहाकि उक्त सभी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाएगा और मरुधर एक्सप्रेस संचालन के मांग के बाबत रेलवे बोर्ड से तत्काल बात किया जाएगा।
इस अवसर पर चंद्रशेखर अग्रवाल चंदू बाबू, रवि प्रकाश बरनवाल, लाल बहादुर जायसवाल, भरत थरड, कन्हैया लाल जायसवाल, तेज प्रताप तिवारी, अंबुज पांडे, नीरज जायसवाल, वेद नारायण मिश्रा, अरुण वर्मा, एस लाल, रिंकू मिश्रा, विकास प्रजापति व श्रीराम जायसवाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
