मऊ। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा श्री शीतला माता मंदिर परिसर में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। व्रती महिलाओं ने जलाशय में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
हालांकि, मंदिर परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अंधेरे के बीच महिलाओं ने पूजा-अर्चना और अर्घ्य की रस्म पूरी की। परिसर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच रोशनी एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
श्रद्धालुओं ने संबंधित जिम्मेदारों से मांग की कि भविष्य में छठ महापर्व के अवसर पर प्रकाश, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
