उत्सव से उत्साह की ओर ले जाता है सनातनी त्योहार: रमेश जी आर्यन बाबू के गीतों पर जनसामान्य से गणमान्य तक झूमकर नाचे




मऊ। उत्सव से उत्साह की ओर ले जाने का काम भारतीय त्योहार करते हैं। वह उत्सव, उत्सव ही नहीं जहां उत्साह न हो। ऐसे में होलिकोत्सव का त्यौहार या प्रमुख संदेश देता है कि चाहे जैसी भी परिस्थिति हो कुटुंब व्यवस्था, पारिवारिक व्यवस्था कोई तोड़ नहीं सकता। उपरोक्त बातें शीतला माता मंदिर पर आयोजित होली उत्सव समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरक्ष प्रांत प्रचारक रमेश जी ने कहा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विचार परिवार द्वारा आयोजित फाल्गुनोत्सव समारोह को संबोधित करते हुए प्रांत प्रचारक रमेश जी ने कहाकि होली का त्यौहार भारत की सांस्कृतिक विरासत की वह प्रतीक है जो भारत की कुटुंब व्यवस्था को सुदृढ़ करती है। होली वह त्यौहार है जो विश्व बंधुत्व का संदेश देता है। जहां पूर्णतया मर्यादा हो, सीमाओं की डोर नहीं, सद्भावना, समरसता, आत्मीयता का भाव हो। जहां सारे क्लेश- कटुता, सिकवे शिकायत का अंत हो उसे होलीकोत्सव कहते हैं। यह त्योहार भारत की सांस्कृतिक विरासत की वह प्रतीक है जो भारत की कुटुंब व्यवस्था को सुदृढ़ करती है। हमारे देश पर तमाम आक्रमणकारी आए जिन्होंने खजाने लुटे, मंदिरों से मूर्तियां लूटी, धन संपदा लूट लिए लेकिन हमारी हजारों वर्ष की कुटुंब व्यवस्था के मजबूत किला को नहीं तोड़ पाए। हमारी विरासत परंपराएं, नहीं तोड़ पाए। पारिवारिक भाव नहीं तोड़ पाए इस संदेश का साक्षात प्रमाण होली का त्यौहार है। 
हजारों की संख्या में सपरिवार उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री/नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहाकि होली का पर्व समरसता का भाव देता है। भिन्न-भिन्न तरह के रंगों का एक साथ मिलना हमारे लिए अनेकता में एकता के संदेश को प्रमाणित करता है। 
इस अवसर पर प्रख्यात भोजपुरी कलाकार सह अभिनेता आर्यन बाबू ने होली खेले रघुवीरा... से शुरू कर मसाने की होली... सहित भोजपुरी गीतों व फागुन के गीतों को ऐसे सुरीले व धमाकेदार अंदाज में प्रस्तुत किया की गणमान्य से लेकर जनसामान्य तक सभी लोग झूम उठे। जनपद के लगभग सभी नगरों से लगभग ढाई हजार से अधिक महिला पुरुष बच्चे सपरिवार उपस्थित हुए। जहां एक दूसरे को अमीर गुलाल लगाते हुए होली के रंग में सराबोर नजर आए। उपस्थित लोग एक दूसरे को होलिकोत्सव की बधाई दिए।
इस अवसर पर विभाग प्रचारक अंबेश जी, जिला प्रचारक आर्यम जी, नगर प्रचारक रितेश जी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, उमेश पाण्डेय, संघ पदाधिकारी देवेंद्र सिंह, अभिषेक खंडेलवाल, शक्ति सिंह, सुनील यादव, सह प्रांत कारवाह रामविलास जी, विभाग संघ चालक राम प्रताप जी, विभाग कारवाह विनोद जी, जिला संघ चालक कैलाश जी, जिला कारवाह भूवेश जी, वीरेंद्र जी, नगर कार्यवाह अंबरीश जी, जिला प्रचार प्रमुख प्रिंस जी, संतोष जी अन्य स्वयंसेवक बन्धु उपस्थित रहे।