मऊ में 22 मार्च को योग गुरु बाबा रामदेव का आगमन, तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न

मऊ। योग और स्वदेशी आंदोलन के प्रणेता बाबा रामदेव के 22 मार्च को मऊ आगमन को लेकर पतंजलि परिवार के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि 22 मार्च को योग गुरु बाबा रामदेव मऊ जनपद के Little Flower Children School, सिकटिया में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे भारतीय शिक्षा बोर्ड, योग, स्वदेशी विचार और स्वस्थ जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मऊ जनपद के लोगों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद करेंगे।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बाबा रामदेव के आगमन से जनपद में योग और भारतीय संस्कृति के प्रति नई जागरूकता उत्पन्न होगी। साथ ही भारतीय शिक्षा बोर्ड के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कारयुक्त शिक्षा और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में भी यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पतंजलि परिवार के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर और बलिया सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके लिए जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग योग और भारतीय शिक्षा व्यवस्था के इस महत्वपूर्ण संवाद का लाभ उठा सकें।

बैठक में मुख्य रूप से मुरलीधर यादव, संगीता द्विवेदी, शैलेन्द्र मिश्रा, बृज मोहन, मृत्युंजय द्विवेदी, राजन विश्वकर्मा, कृष्णकांत उपाध्याय, दुर्गेश, विशाल, मिथिलेश यादव, सुरेंद्र चौहान, राम कृत यादव, कन्हैया बारनवाल और श्याम करन गुप्ता सहित मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर और बलिया के पतंजलि परिवार के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।