मऊनाथ भंजन। आज सुरक्षित सफर-सुरक्षित प्रदेश के तहत सड़क सुरक्षा को लेकर नगर पालिका में एक विशेष बैठक सम्पन्न हुयी। इस बैठक में आम लोगों को सड़क पर सुरक्षित सफर के सम्बन्ध में जागरूक करने के साथ-साथ विशेष रूप से पालिका के सफाई, जलकल, प्रकाश एवं निर्माण विभागों को सतर्क रहने को कहा गया है। पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल एवं अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार द्वारा सड़क हादसों से बचने के पूर्व उपायों पर विस्तार से चर्चा की गयी तथा उपस्थितों को इसकी बारीकियों से अवगत कराया गया। पालिकाध्यक्ष ने बैठक की अध्यक्षता करते हुये लोगांे को 'सड़क सुरक्षा शपथ' भी दिलायी।
पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि दो पहिया वाहन चलाते समय आप अपने आपके साथ-साथ पीछे बैठे व्यक्ति की सुरक्षा का भी खास ख्याल रखें। इसके लिये बीआईएस मानकों एवं सड़क नियमों का पूर्ण पालन करते हुये हेल्मेट जरूर लगायें और अपने साथी वाहन सवार को भी हेल्मेट पहनायें। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट भी बांधे रखें ताकि किसी भी प्रकार की अनापेक्षित स्थिति में आप सुरक्षित रहें। सतर्कता बहुत सी समस्याओं एवं दुर्घनाओं से व्यक्ति को सुरक्षित रखती है। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि जब सफर सुरक्षित हो तो मुसाफिर का परिवार भी चिंतामुक्त, सुरक्षित एवं समृद्ध बना रहता है।
इस दौरान अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने कहा कि तेज रफ्तार वाहन न चलायें और अपनी साइड का भी ध्यान रखें। वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने से आपका नियंत्रण बिगड़ सकता है जिसके चलते कड़े नुक्सान उठाने पड़ सकते हैं। इसी प्रकार नसे की स्थिति में वाहन न चलायें। यदि आपके आस-पास कोई व्यक्ति दुर्घटना में घायल हुआ हो तो उसकी मदद करें। उन्होंने बच्चों के हवाले से आम लोगों को प्रेरित करते हुये कहा कि चूँकि बच्चे भी घरों पर अभिभावकों का इन्तेजार कर रहे होते हैं इस लिये भी घरों की पहुंच को सुरक्षित बनाने में लापरवाही न बरतें।
ज्ञातब्य रहे कि बैठक से पूर्व मध्य प्रदेश के इन्दौर की घटना को दृष्टिगत रखते हुये पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल एवं अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने नगर स्थित नालियों के लिकेज एवं प्राप्त शिकायतों का जायजा लिया।
इस सम्बन्ध में पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने सम्बन्धितों को कड़े निर्देश देते हुये कहा कि जिन क्षेत्रों में लीकेज की शिकायतें हैं और वहां पर काफी पुरानी पाइप लाइनें अधिष्ठापित हैं तो वहां नई पाइप लाइन डाली जाये। इसी प्रकार उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में गली का निर्माण हो रहा हो और वहां पाइप लाइनें काफी पुरानी हो गयी हों तो भी उन्हें बदल कर नई पाइप लाइनें अधिष्ठापित कर दी जायें। अध्यक्ष जी ने सम्मानित सभासदों से अपील में कहा कि आप अपने क्षेत्रों का जायजा लें और यह सुनिश्चित करें कि कहां कहां शिकायतें हैं ताकि उन्हें हल कर अवाम को अविलम्ब राहत पहुंचाई जा सके।
अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने लीकेज के संदर्भ में सम्बन्धितों से पिछले 6 माह की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की कोई अन्य शिकायत प्राप्त होती है तो उसे अविलम्ब ठीक कर दूर करें तथा इस की जानकारी विभाग को लिखित रूप में भी उपलब्ध करायें। ईओ ने पीने के साफ पानी की सप्लाई को और बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिये जलकल विभाग को सख्त निर्देश दिये हैं।
उक्त बैठक में पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार, सम्मानित सभासदगण, पालिका के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
