मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से महिला की मौत, पति गंभीर घायल

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। कोतवाली क्षेत्र के कैलेंडर तिराहा के पास शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार जहनियापुर निवासी राम रतन चौहान अपनी पत्नी प्रमिला देवी (45) को बाइक से दवा दिलाने जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे जैसे ही वे आलम होंडा एजेंसी के समीप पहुंचे, पीछे से आ रही मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया प्रमिला देवी के ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में राम रतन चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।  बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
Uploaded Image Uploaded Image