अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा हुआ कार्यक्रम का आयोजन।


आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा जीवन राम इंटर कॉलेज छात्रावास के मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्र द्वारा सरस्वती पूजन कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, बी सी सखी, शिक्षिकाओ, ग्राम पंचायत स्तर पर नवनियुक्त महिला चौकीदारों आदि को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राओं एवम् लोक कलाकारों द्वारा महिला सशक्तिकरण के थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए कार्यक्रमों की सराहना करते हुए बेहतर कार्यक्रम प्रस्तुति हेतु संबंधित शिक्षिकाओं को भी बधाई दी। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के साथ ही शिवरात्रि पर्व की भी सबको शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत हर क्षेत्र में विश्व को चुनौती पेश कर रहा है, विशेष कर महिला सशक्तिकरण में भारत विकसित देशों के समान ही महिलाओं को बराबरी का हक एवं सम्मान दे रहा है।भारत में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे भी बढ़ रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि हमें महिला सम्मान एवं उनकी भागीदारी के हर मानक पर खरा उतरना है। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं से पूरे मनोयोग से महिला कल्याण एवं उनके सशक्तिकरण हेतु प्रयास करने को कहा। उन्होंने कहा कि यह एक पावन कर्तव्य है, जिससे महिलाओं के विकास में उनसे जुड़े लोग सहायक हो सकते हैं। जिलाधिकारी ने विशेष कर महिला चौकीदारों की नियुक्ति का जिक्र करते हुए कहा कि नियुक्ति स्थल पर शांति व्यवस्था के जिम्मेदारी के साथ ही साथ महिला चौकीदारों के माध्यम से घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, महिला अत्याचार के खिलाफ रिपोर्टिंग के साथ ही साथ महिला संबंधी सभी योजनाओं से महिलाओं को लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।इसके अलावा प्रताड़ित महिलाओं के संबंध में जिला प्रशासन को समय-समय पर सूचना भी मिलती रहेगी जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को महिला चौकीदारों को प्रशिक्षित भी करने को कहा जिससे वे प्रशिक्षित होकर सूचनाओं का आदान-प्रदान ठीक ढंग से कर सके। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी के अलावा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा बहुएं, महिला चौकीदारो सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।