पालिकाध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी ने किया नलकूप का उद्घाटन जलापूर्ति हेतु पिछले पांच वर्षों में नगर में लगाये गये है रिकार्ड 43 नलकूप


105 किमी हुआ है पाईप लाइन का विस्तार, साथ ही निर्मित कराये गये है चार ओवर हैडटैंक 
पानी की उपलब्धता हुई है सुदृढ़, सात और नये नलकूप लगाने जा रही है नगर पालिका 
नगर वासियों को पर्याप्त मात्रा में पानी की उपलब्धि सुनिश्चित करना है उद्देश्य-तय्यब पालकी
मऊनाथ भंजन। पिछले पांच वर्षों में अर्थात पालिकाध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी के वर्तमान कार्यकाल में शहर की पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण की दिशा में नगर पालिका ने महत्ती कार्य किये है। नगर पालिका द्वारा इस अवधि में शहर में कुल रिकार्ड 43 नलकूप (ट्यूबेवल) अधिष्ठापित कराया गया है। पिछले पांच वर्षों में नगर पालिका द्वारा चार ओवर हैडटैंक (परदहां, बेलवसिया, भदेसरा व बकवल) में निर्मित कराये गये है साथ ही लगभग 105 कि0मी0 पाईप लाईन का विस्तार किया गया है। 
इसी क्रम में आज नगर पालिका क्षेत्र के मुहल्ला नवापुरा में लगाये गये 7.5 एच0पी0 नलकूप का उद्घाटन पालिकाध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी के हाथों सम्पन्न हुआ। इस मौके पर क्षेत्रीय सभासद अबरार अहमद व बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्रवासियों ने पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया एवं जलापूर्ति हेतु कराये गये इस महत्वपूर्ण कार्य हेतु आभार व्यक्त किया। इस मौके पर वार्ड सभासद अबरार अहमद ने कहा कि नगर पालिका द्वारा कराये जा रहे कार्यों से हमारा क्षेत्र स्वच्छ एवं सुन्दर बनने के दिशा में निरन्तर अग्रसर है। आज जलापूर्ति हेतु एक महत्वपूर्ण कार्य का लोकार्पण पालिकाध्यक्ष महोदय द्वारा किया गया है। जिससे क्षेत्रवासी काफी प्रसन्न है।  
इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि शहर के अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति का सर्वांगीण विकास एवं बेहतर नागरिक सुविधा उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में हमारे द्वारा अनवरत कार्य कराये जा रहे है। इसी क्रम में आज नवापुरा में नलकूप का उद्घाटन किया गया है। ताकि इस क्षेत्र के लोगों को जलापूर्ति में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराकर पानी की समस्या का निदान करना ही हमारा लक्ष्य है। लोगों को सम्बोधित करते हुये पालिकाध्यक्ष श्री पालकी ने बताया कि मेरे वर्तमान कार्यकाल में जलापूर्ति को सुदृढ़ करने हेतु नगर में 43 नलकूप, 105 किमी पाईप लाईन का विस्तार तथा चार ओवर हैड टैंक निर्मित कराये गये है तथा 07 अदद और नये नलकूप लगाने हेतु निविदा की प्रक्रिया की जा चुकी है। समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर जल्द ही कार्य प्रारंभ किया कराया जायेगा। उन्होनें कहा कि नलकूपों का अधिष्ठापन इस उद्देश्य के साथ कराया जा रहा है कि शहरवासियों को पेय जल की समस्या से निजात मिले और उन्हें पार्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध रहे। 
लोकार्पण के समय वार्ड सभासद अबरार अहमद, नसीम अख्तर, मौलवी इलियास साहब, मुफ्ती इफ्तेखार अहमद, मौलवी इरशाद अहमद, इश्तेयाक अहमद आदि उपस्थित थें। 
इन मुहल्लों में लगाया जायेगा नलकूपः- 
1. क्यारी टोला 7.5 एच0पी0 
2. पुरा अग्रवाल 7.5 एच0पी0
3. हमीदपुरा चट्टी 7.5 एच0पी0
4. मा0 कांशीराम आवास सिकटिया 7.5 एच0पी0 
5. छतरपुरा 7.5 एच0पी0
6. काजी टोला 7.5 एच0पी0
7. काजी टोला भेली बाज़ार 7.5 एच0पी0