बाढ़ प्रभावित लोगों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के दिए निर्देश।
कम्युनिटी किचन सेंटर खुलने से बाढ़ प्रभावित लोगों को मिली बड़ी राहत।
जनपद से होकर गुजरने वाली घाघरा (सरयू) नदी में बढ़ते जलस्तर से घोसी एवं मधुबन तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर जिला प्रशासन लगातार नजर रखे हुए है।इसी क्रम में आज जिला अधिकारी श्री अरुण कुमार ने घोसी एवम् मधुबन तहसील के कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवम् तटबंधों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से प्रभावित लोगों की समस्याएं भी सुनी। जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कम्युनिटी किचन सेंटर संचालित किए जाने एवं लोगों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे वहां के निवासियों को खाने पीने की दिक्कत ना हो। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में आज से ही श्री राम महाविद्यालय तेलिया कला में चक्की मूसाडोही एवं मूसाडोही के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए कम्युनिटी किचन सेंटर का संचालन शुरू कर दिया गया है। इस कम्युनिटी चल सेंटर के संचालित होने से अब इस क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। ज्ञातव्य है कि इस क्षेत्र में चक्की मूसाडोही एवं मूसाडोही ग्रामसभा के लोग बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित होते हैं। इस दौरान उनके रहने एवम् खाने-पीने की समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिसको ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने इस क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए कम्युनिटी किचन सेंटर खोलने के निर्देश दिए थे।बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में संचालित इस कम्युनिटी किचन सेंटर के माध्यम से अब लोगों को समय से गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो सकेगा साथ ही लोगों को बाढ़ के दौरान भोजन की समस्या से निजात भी मिल सकेगा।
