मऊ। वाणिज्य कर विभाग द्वारा पंजीयन अभियान के तहत व्यापारियों से संपर्क कर इससे होने वाले लाभ के विषय में जानकारी देते हुए व्यापार कर पंजीयन के लिए जागरूक किया गया। सोमवार को वाणिज्य कर अधिकारी संजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत व्यापारियों से संपर्क करते हुए जीएसटी पंजीयन के लिए प्रेरित किया गया।
इस संबंध में उन्होंने नगर के सहादतपुरा मोहल्ले स्थित विभिन्न व्यापारियों से संपर्क कर बताया कि सरकार द्वारा 8 नवम्बर से विशेष अभियान के तहत छोटे मझोले व सभी तरह के व्यापारियों का निःशुल्क पंजीयन वाणिज्य कर विभाग द्वारा किया जा रहा है। इस पंजीयन के बाद शासन द्वारा व्यापारियों के हित के लिए लाई गई तमाम योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सकेगा। जिसमें सबसे बड़ी लाभ पंजीकृत व्यापारियों को दुर्घटना बीमा के रूप में ₹10 लाख रुपए का सहयोग प्राप्त होगा। जिसके लिए कोई प्रीमियम भी नहीं जमा करना होगा। इसके साथ ही उन्होंने व्यापारियों को जागरूक करते हुए कहाकि व्यापार कर पंजीयन के बाद शासन द्वारा प्रदत तमाम सुविधाओं का लाभ उठाया जा सकता है। वहीं जीएसटी नंबर आवंटित हो जाने से पूरे देश में व्यापार करने में काफी सहूलियत प्राप्त होगी। विभाग द्वारा खासतौर पर छोटे व मझोले व्यापारियों से कैम्प, सेमिनार व गोष्ठी का माध्यम से संपर्क कर वाणिज्य कर विभाग व दुकानदारों के पंजीकरण कराने के साथ ही उनके मध्य दूरी को कम करने का अभियान चलाया जा रहा है।
वाणिज्य कर अधिकारी संजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में सोमवार को इस अभियान में वाणिज्य कर अधिकारी वीरेन्द्र धुसिया एवं वाणिज्य कर अधिकारी दिनेश कुमार शामिल रहे।

