कोपागंज-- लाकडाउन में गरीबों की समस्याओं को दूर करने के लिए तमाम समाजसेवी निरंतर कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड कोपागंज अंतर्गत स्थित ग्राम खुखुंदवा की मुसहर बस्ती में गरीब परिवारों को पार्वती सेवा संस्थान की ओर से अजीत कुमार पांडे ने करीब 50 परिवारों को खाने के पैकेट का वितरण किया। इस अवसर पर समाजसेवी संतोष प्रजापति, अंशु गुप्ता, इंद्र कुमार, प्रशांत पांडे सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। बताते चलें कि अजीत कुमार पांडे लगातार लाकडाउन के दौरान गरीबों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने पार्वती सेवा संस्थान की ओर से कई दर्जन परिवारों को खाद्यान्न का वितरण किया। वहीं गांव की कोटे की दुकान पर स्वयं बैठकर यह सुनिश्चित किया कि सभी जरूरतमंदों को उनके हिस्से का आवंटित खाद्यान्न अवश्य मिले।

