मऊ में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन, लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की परिकल्पना के अंतर्गत, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मऊ संजय कुमार यादव के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आज नगर पालिका कम्युनिटी हॉल, मऊ में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन माननीय जनपद न्यायाधीश द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी आनंद वर्धन, पुलिस अधीक्षक सर्वेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शमशुल हसन, महामंत्री लक्ष्मीकांत यादव सहित न्यायिक अधिकारीगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

शिविर में 44 सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर लाभार्थियों को मंच पर प्रमाण-पत्र एवं विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरित किए गए। लाभ वितरण के अंतर्गत ट्राइसाइकिल एवं लैपटॉप प्रदान किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक सहायता संबंधी स्टॉल भी लगाया गया।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने सामाजिक विषयों पर आधारित नाटक एवं नृत्य प्रस्तुत किए। मूक-बधिर बच्चों की विशेष नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम को विशिष्ट बनाया। अग्निशमन विभाग, साइबर पुलिस तथा मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान, प्रदर्शन एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से जन-जागरूकता का संदेश दिया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मध्यस्थता, पॉक्सो जागरूकता एवं मेगा ड्राइव अभियानों पर आधारित वीडियो भी प्रदर्शित किए गए।

अपने संबोधन में  जनपद न्यायाधीश संजय कुमार यादव ने आमजन से विधिक समस्याओं के समाधान एवं निःशुल्क विधिक सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने विधिक जागरूकता अभियानों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आयोजन की सफलता में सहयोग हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का समापन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मऊ सिद्धार्थ चतुर्वेदी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
Uploaded Image Uploaded Image