स्थायी लोक अदालत, मऊ की सदस्य के रूप में स्नेहलता त्रिपाठी ने पदभार ग्रहण किया। जनपद न्यायाधीश संजय कुमार यादव एवं स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष हीरालाल ने उन्हें पदभार ग्रहण कराया। इस दौरान शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन जिला न्यायालय परिसर में किया गया। स्नेहलता त्रिपाठी के सदस्य बनने से स्थायी लोक अदालत की न्यायपीठ को नई मजबूती मिलेगी। स्नेहलता त्रिपाठी लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही हैं। विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़कर उन्होंने समाज सुधार एवं जनकल्याण की दिशा में कई सार्थक प्रयास किए हैं। अब वह न्यायिक मंच पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी।
बताते चलें कि स्थायी लोक अदालत का उद्देश्य आमजन को जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों का सुलभ और त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है। इसके अंतर्गत विद्युत, डाक, दूरसंचार, परिवहन, रेलवे, अस्पताल एवं शैक्षणिक संस्थानों जैसी जनोपयोगी सेवाओं में मी से जुड़े मामलों का निस्तारण किया जाता है। इस व्यवस्था से लोगों को कोर्ट के चक्कर से बचकर सरल और प्रभावी मंच मिलता है। पदभार ग्रहण के अवसर पर *प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय निरंजन पाण्डेय, एडीजे दीप नारायण तिवारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिद्धार्थ चतुर्वेदी, सिविल जज सीनियर डिवीजन एफटीसी अरुणाजली सिंह, सिविल जज जूनियर डिवीजन एफटीसी स्तुति सोनकर तथा स्थायी लोक अदालत के वरिष्ठ सदस्य विकास भाई निकुम्भ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
