अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) मऊ जिले का एकदिवसीय अभ्यास वर्ग नगर स्थित राजस्थान भवन में संपन्न हुआ। अभ्यास वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन की सैद्धांतिक भूमिका, कार्यपद्धति, परिसर कार्य, सदस्यता एवं इकाई पुनर्गठन आदि विषयों से अवगत कराना तथा राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत कर उन्हें राष्ट्रीय पुनर्निर्माण हेतु प्रेरित करना रहा।
अभ्यास वर्ग का शुभारंभ अभाविप के राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद के सदस्य ज्ञानेंद्र सिंह, तहसील प्रमुख डॉ. बृजेश गिरी, जिला संयोजक अविनाश गुप्ता एवं जिला संगठन मंत्री ज्ञान प्रकाश सिंह ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
अभ्यास वर्ग चार सत्रों में संचालित हुआ। उद्घाटन एवं प्रस्ताविकी के पश्चात प्रथम सत्र सैद्धांतिक भूमिका ,द्वितीय सत्र कार्यपद्धति,तृतीय सत्र परिसर कार्य ,चतुर्थ सत्र सदस्यता एवं इकाई पुनर्गठन व अंत समारोप रहा ।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य ज्ञानेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा एवं कार्यपद्धति के अनुरूप निरंतर सक्रिय रहकर छात्रहित और समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
प्रांत मंत्री शशिकांत मंगलम ने कहा कि एबीवीपी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देता है और छात्रों को अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने के लिए प्रोत्साहित करता है। अभाविप कार्यकर्ता सदैव सत्य, ईमानदारी, अनुशासन और सादगी का पालन करता है। निजी जीवन में भी वह आचरण से समाज में उदाहरण प्रस्तुत करता है।
जिला संगठन मंत्री ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि अभाविप एक छात्र संगठन होने के साथ-साथ एक सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन भी है। यह छात्रों के विकास और राष्ट्र के पुनर्निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। यह छात्र शक्ति राष्ट्र शक्ति के सिद्धांत पर काम करता है।
इसका अर्थ है कि छात्रों की शक्ति ही राष्ट्र की शक्ति है।
जिला संयोजक अविनाश गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थी परिषद राष्ट्र पुनर्निर्माण की प्रयोगशाला है,क्योंकि यह युवाओं और छात्रों में राष्ट्रीय चेतना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित कर उन्हें देश सेवा के लिए तैयार करती है।
सदस्यता केवल संख्या बढ़ाना लक्ष्य नहीं , बल्कि विचारों से जोड़कर जिम्मेदार बनाना है। संगठन की शक्ति केवल उसकी संख्या में नहीं, बल्कि उसके कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुशासन और सेवा-भाव में होती है। संगठन में पद महत्वपूर्ण नहीं, दायित्व और कार्य महत्वपूर्ण है।
इस दौरान विभाग संगठन मंत्री रंजीत सिंह,विभाग संयोजक अनन्या शर्मा,जिला छात्रा संयोजक प्रज्ञा मिश्रा, प्रियांशु वर्मा, आदित्य सिंह, आयुष मद्धेशिया, अमन गुप्ता, आदेश श्रीवास्तव ,अमित सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
