घोसी विधानसभा क्षेत्र के विकास एवं जनहित के मुद्दे में नवनिर्मित बस अड्डे का नाम संत शिरोमणि गुरु रविदास रखा जाये


भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री एवं पूर्व विधायक (354) घोसी विजय कुमार राजभर ने घोसी विधानसभा क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी को दो पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
पहले पत्र में राजभर ने बताया कि घोसी विधानसभा क्षेत्र, जनपद मऊ में जर्जर पड़े बस अड्डे का नवनिर्माण कराया गया है। स्थानीय निवासियों की मांग को देखते हुए उन्होंने नवनिर्मित बस अड्डे का नाम “संत शिरोमणि गुरु रविदास जी” के नाम पर रखे जाने का अनुरोध मुख्यमंत्री जी से किया है।
वहीं, दूसरे पत्र में उन्होंने 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, टड़ियांव/टड़ियावां, जनपद मऊ में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की कमी तथा आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता का मुद्दा उठाया है। पत्र में बताया गया कि अस्पताल में चिकित्सक/पैरामेडिकल स्टाफ के कुल 33 स्वीकृत पदों के सापेक्ष मात्र 11 पदों पर नियुक्ति/तैनाती है।
श्री राजभर ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए महिला चिकित्सक, रेडियोलॉजिस्ट, अल्ट्रासाउंड मशीन, बाल रोग विशेषज्ञ, स्किन/एसटीडी विशेषज्ञ, ईएनटी सर्जन, दंत सर्जन, कार्डियोलॉजिस्ट, सीटी स्कैन मशीन तथा एक्स-रे की बड़ी मशीन सहित आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं रिक्त पदों पर नियुक्ति/तैनाती कराने का अनुरोध किया है।
 विजय कुमार राजभर ने कहा कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा क्षेत्र के विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में इन दोनों जनहित के विषयों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय होगा।
Uploaded Image Uploaded Image