जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आज बाल निकेतन के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का आकस्मिक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के सहायक अभियंता ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि उक्त परियोजना का कार्य फरवरी 2024 से प्रारंभ हुआ है तथा इसके पूर्ण होने की निर्धारित तिथि जून 2027 है। उन्होंने बताया कि परियोजना को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए परियोजना को यथासंभव शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य की गति के साथ-साथ निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण सामग्री एवं कार्य की गुणवत्ता का नियमित रूप से निरीक्षण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने रेलवे ओवरब्रिज के किनारे स्थित सर्विस लेन की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सर्विस लेन को व्यवस्थित एवं आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य के दौरान आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा उत्पन्न होने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करते हुए कार्य को निर्धारित समय-सीमा से पूर्व पूर्ण कराने का प्रयास किया जाए। साथ ही, आमजन की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
