राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर डी.सी.एस.के. पी.जी. कॉलेज, मऊ में आयोजित होगा ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ कार्यक्रम। 


Uploaded Image

 कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के उपक्रम में
 राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ कार्यक्रम का आयोजन, दिनांक 27 अगस्त 2026 को डी.सी.एस.के. पी.जी. कॉलेज, मऊ में किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल के माध्यम से सामूहिक सद्भाव व सामंजस्य के साथ कार्य करने प्रति जागरूक करना, राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में युवा सहभागिता, राष्ट्र निर्माण के साथ विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है।

कार्यक्रम का संयोजन मेरा युवा भारत (MY Bharat) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शर्वेश पाण्डेय ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस सामान्यतः 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है, किन्तु इस वर्ष विशेष रूप से 27 अगस्त को देशभर में विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को एक मंच पर लाना है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान देशभर के लगभग 1600 से अधिक स्थानों पर लाखों युवा एक साथ जुड़ेंगे तथा माननीय प्रधानमंत्री जी वर्चुअल माध्यम से युवाओं को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत स्थानीय स्तर पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवाओं को अपने विचार, सुझाव एवं आकांक्षाएं साझा करने का अवसर मिलेगा।

महाविद्यालय के खेल विभागाध्यक्ष डॉ. हरिलाल ने कहा कि पिछले वर्षों में देश के खेल ढांचे और खेल संस्कृति में उल्लेखनीय परिवर्तन हुए हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों में उपलब्ध अवसरों, खेल प्रतिभाओं के विकास तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और अनुशासन के महत्व की जानकारी दी जाएगी।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विशाल जायसवाल एवं डॉ. रविन्द्र तिवारी ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

इस अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat) के लेखाधिकारी श्री नवीन कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि युवा संवाद कार्यक्रम युवाओं और खेल प्रतिभाओं को सीधे संवाद का मंच उपलब्ध कराएगा, जिससे विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सकेगी।

महाविद्यालय प्रशासन, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं मेरा युवा भारत द्वारा जनपद के सभी युवाओं से अपील की गई है कि वे 27 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।