आज आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) के प्रथम दिन जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने जनपद मुख्यालय स्थित सोनी धापा बालिका इंटर कॉलेज, मुस्लिम इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, प्रवेश व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सघन जांच, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती तथा अन्य निगरानी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने पर भी विशेष बल दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश बहादुर ने भी परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा अवधि के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा असामाजिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करें।
जनपद प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे परीक्षा सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।
