अभाविप ने आयोजित की चित्रकला प्रतियोगिता, विजेता छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) मऊ नगर द्वारा शिव
Uploaded Image

भागवत ज्ञान उद्यान विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रीय कला मंच प्रमुख एवं सोनी धापा बालिका इंटर कॉलेज की कला विषय की प्रवक्ता वीना गुप्ता, सभासद राजीव सैनी, विद्यालय की शिक्षिका सुनीता शर्मा, जिला संयोजक अविनाश गुप्ता तथा तहसील संयोजक आदित्य सिंह ने मां सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

मुख्य अतिथि वीना गुप्ता ने कहा कि अभाविप अपने स्थापना काल से ही विद्यार्थियों में ज्ञान, शील और एकता के आदर्शों का विकास करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि कला, संस्कृति, संस्कार और समाज के प्रति उत्तरदायित्व भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। चित्रकला इन मूल्यों को रंगों और रेखाओं के माध्यम से अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है।

सभासद राजीव सैनी ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद वर्षों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रहित की भावना विकसित करने का कार्य कर रही है। शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रीय चेतना का विकास भी परिषद के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।

जिला संयोजक अविनाश गुप्ता ने कहा कि परिषद विद्यार्थियों को केवल नेतृत्व करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनना भी सिखाती है। सेवा, संगठन और संस्कार परिषद की कार्यशैली की पहचान हैं।

प्रतियोगिता के समापन पर जिला संयोजक अविनाश गुप्ता, विभाग संगठन मंत्री रंजीत सिंह, जिला संगठन मंत्री ज्ञान प्रकाश सिंह तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार यादव ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में रंजन शर्मा ने प्रथम, ज्योति कन्नौजिया ने द्वितीय तथा अनामिका राजभर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों संध्या भारती, वैष्णवी, गुंजा, भानु प्रताप, कशिश, सोनाली, प्रियांशी शर्मा, अमन कुमार, अनुराधा कुमारी एवं साक्षी गुप्ता को भी सम्मानित किया गया।

प्रधानाचार्य अरुण कुमार यादव ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में सृजनशीलता, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक गणेश गुप्ता, अमित, गुलाब यादव, अनिल यादव, मुकेश, राजकुमार सहित सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।